सभी के सामूहिक प्रयास से भारत विकसित राष्ट्र बनेगा : ओम बिरला

प्रयागराज । भारत की संस्कृति और संस्कार सम्पूर्ण विश्व को अपना परिवार मानता है। वसुधैव कुटुंबकम् के मानक पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 देश की अध्यक्षता करेंगे और सम्पूर्ण विश्व के विकास के लिए नेतृत्व करेंगे। हम सभी के सामूहिक प्रयास से ही भारत अपनी स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष के पूर्व ही विकसित राष्ट्र बनेगा।
यह बातें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रथम प्रयागराज आगमन पर सर्किट हाउस में कार्यकर्ता दर्शन एवं संवाद कार्यक्रम के दौरान कही। भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी के नेतृत्व में सर्किट हाउस में मुख्य अतिथि लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि प्रयागराज की धरती पर 2025 में दुनिया का सबसे बड़ा कुंभ होने वाला है, जो भारत की सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। कहा कि प्रयागराज की धरती क्रांतिकारियों की, आंदोलन की एवं अध्यात्मिक ऊर्जा की धरती है और इस धरती पर आकर और कार्यकर्ताओं का प्यार पाकर बड़ा गर्व महसूस कर रहा हूं।
उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भारत है और हमारी चुनावी प्रणाली संविधानिक पारदर्शिता के अनुरूप होती है। जो दुनिया के लिए प्रेरक है। उन्होंने कहा लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप हमारी केंद्र एवं प्रदेश की सरकार समाज के अंतिम पायदान पर बैठे हुए लोगों के जीवन को बदल रही है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अंगवस्त्रम पहनाकर एवं गणेशजी की प्रतिमा और कुंभ कलश देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का मंदिर संवैधानिक मर्यादा के अनुरूप बिना किसी भेदभाव के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में चल रहा है। जहां सभी संसदीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जन समस्याओं का निराकरण किया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने लोकसभा अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री का स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर सांसद रीता बहुगुणा जोशी एवं केसरी देवी पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, महापौर अभिलाषा गुप्ता, जिलाध्यक्ष गंगा पार अश्वनी दुबे, जिलाध्यक्ष जमुनापार विभव नाथ भारती, राजेश केसरवानी, विवेक अग्रवाल, पार्षद किरन जायसवाल, डॉ सुशील सिन्हा एवं भाजपा के सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।