Varanasi Weather Update : वाराणसी में गर्म पछुआ हवा बढ़ाती जा रही तापमान, आज से फिर चल सकती है तापलहर

जागरण संवाददाता, वाराणसी : पश्चिम से आती गर्म और शुष्क हवाओं के चलते तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी है। इससे हो रही तीखी और चिलचिलाती धूप के रूप में आसमान से आग बरस रही है तो हवा भी जलते अंगारों की तरह शरीर से टकरा रही है। इससे मनुष्य ही नहीं, पशु-पक्षी, वनस्पतियां सभी झुलसने को विवश हैं। गुरुवार को भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या इसके पार रहने की संभावना है। इसके चलते चलने वाली तापलहर से लोगों को सावधान रहना होगा।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय बताते हैं कि सतह पर अधिकत पछुआ चल रही है कभी-कभार चलने वाली पुरुवा सतह से एक किमी ऊपर तक दक्षिण-पूर्वी दिशा से चल रही है। इसकी वजह से कुछ आर्द्रता बनी हुई है। इसके ऊपर पश्चिम दिशा से आ रही गर्म शुष्क पछुआ हवा है जिसने पूरे वातावरण को दहका रखा है। प्रो. पांडेय बताते हैं कि इसकी वजह से तापमान निरंतर बढ़ता जा रहा है जो फिर 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। कुछ मात्रा में पुरुवा की हवा से बनी आर्द्रता से पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं धूल भरी आंधी आ सकती है। गुरुवार को मुख्यतया आसमान साफ रहेगा तो स्थानीय आर्द्रता के चलते दोपहर बाद बादलों के टुकड़े दिख सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना कतई नहीं है।
इस बीच शुष्क और गर्म पछुआ हवा चलती रहेगी। पछुआ हवा के प्रभाव से ही बुधवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 43.8 डिग्री सेल्सियस हो गया तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। आर्द्रता अधिकतम 64 फीसद से न्यूनतम 30 फीसद के बीच रहा।