varanasi weather update : पछुआ हवा के साथ गर्मी रहेगी जारी, अभी और बेचैन करेगा बढ़ता तापमान

जागरण संवाददाता, वाराणसी : गर्मी में सुबह-शाम और दोपहर में मौसम के अलग-अलग अंदाज देखने को मिल रहे हैं। दिन में कभी तेज धूप तो कभी आसमान में बादल भी दिख रहे हैं। अप्रैल में ही उमस वाली गर्मी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक गर्मी अभी लोगों को और बेचैन करेगी। गर्मी के कारण लोग घर से निकलने से कतरा रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञ ने पूर्वानुमान जताते हुए कहा कि सोमवार का अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियिस के करीब रह सकता है। मौसम शुष्क रहेगा। कुछ स्थानों पर ऊंचाई पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। पछुआ हवा पांच से 20 से 22 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से चल सकती है।
आग उगल रहा आसमान : इस समय सूरज की तपिश रूपी आग लोगों की मुसीबतें बढ़ा रही हैं। गर्म पछुआ हवाएं इसमें घी डालने का काम कर रही हैं। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। रविवार को सुबह आठ बजते ही धूप ने अपने तीखेपन का आभास कराना शुरू कर दिया। शनिवार को करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवाओं ने लोगों को पूरा बदन व चेहरा ढकने के लिए मजबूर किया।
मौसम विशेषज्ञ के पूर्वानुमान जताया है कि आने वाले तीन- चार दिनों तक स्थिति यही रहेगी। दिन का तामपान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। मौसम विशेषज्ञ ने संभावना जताई है कि आज कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस समय चटक धूप और लू लोगों को झुलसा रही है। ऐसे में मौसम विशेषज्ञ ने लोगों को धूप से सीधे संपर्क में आने की बजाय सूती हल्के कपड़े पहनने और सिर को टोपी या कपड़े से ढंककर रखने की सलाह दी है।गर्मी ने घर-घर की मुश्किलें बढ़ा दी है। रात में घर की दिवार गर्म होने से पंखा की हवा भी गर्म लग रही है। गर्मी से राहत पाने के लिए हर कोई ठंडा पेयजल पी रहा है। जिन घरों में फ्रीज नहीं है, उन घरों के लोग मिट्टी के घड़े, सुराही आदि में पानी रख रहे हैं ताकि उन्हें ठंडा पेयजल मिलता रहे।