Varanasi Weather Update : तेज धूप और गर्मी का क्रम जारी, तापमान में गिरावट की अभी उम्मीद नहीं

जागरण संवाददाता, वाराणसी : मौसम का तेवर बेहद सख्त नजर आ रहा। तापमान करीब 42 से 43 डिग्री तक जा पहुंचने से सड़कों पर सन्नाटा छा गया। लू के थपेड़ों के कारण दिन में 12 बजे के बाद लोग घरों में कैद होकर रह जा रहे हैं। शनिवार को सुबह से ही मौसम गर्म है। मौसम की दुश्वारियों का असर सरकारी एवं निजी अस्पतालों में बीमारों की भीड़ के रूप में देखने को मिला। पारे की मुश्किल से बचने को लोग ठंडक पहुंचाने वाली सामग्रियों को खरीदते जरूर नजर आए।
झुलसा देने वाली गर्मी से परेशान दिखे लोग
तेज धूप व उमस के कारण लोग परेशान नजर आए। सड़कों पर सूर्यदेव के आग उगलने के कारण लोग बचते-बचाते आत व जाते नजर आए। शुक्रवार को एक समय पारा 42 डिग्री पर जा पहुंचा, जबकि आर्द्रता 17 फीसद दर्ज की गई। एक दिन पहले गुरुवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। महिलाएं पुरुष सिर को पूरी तरह से ढककर घरों से निकल रहे थे।
गर्मी में बढ़ी सुराही व मटका की डिमांड
गर्मी के इन दिनों में सुराही, मटका सहित अन्य मिट्टी के बर्तनों की मांग बढ़ गई है। गर्मी में ठंडा पानी पीने के लिए यह सबसे सस्ता संसाधन होने से गरीब तबके के लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। कोई मटका तो कोई सुराही पसंद कर रहा है। बड़ी संख्या में लाेग घरों में फ्रिज होने के बावजूद मटका, सुराही खरीदते नजर आए। सुराही 150 से 350 रुपये व मटका 100 से 200 रुपये तक मिल रहे हैं।
ऐसे करें गर्मी से बचाव
1- फुल आस्तीन के कपड़े पहनकर ही घर से निकलें।
2- नीबू-पानी का सेवन जरूर करें।
3- ताजा भोजन का सेवन करें।
4- तरबूज, खरबूजा, संतरा इत्यादि फलों का प्रयोग करें।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि तापमान बढ़ने की यही दर रही तो शुक्रवार को पारा 44 डिग्री पहुंच सकता है, इससे तापलहर की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी जो स्वास्थ्य के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकती है, इसके चलते लोगों को धूप में निकलने से बचना होगा।