Varanasi Top News : वाराणसी की प्रमुख खबरें जो 27 मई, शुक्रवार को दिन भर रहीं सुर्खियों में

वाराणसी, इंटरनेट डेस्क। बनारस शहर की कई खबरों ने शुक्रवार यानी 27 मई को चर्चा बटोरी जिनमें ज्ञानवापी मामले में फोटोग्राफ और वीडियोग्राफ दोनों पक्षों को तकनीकी कारणों से नहीं हो सका उपलब्ध, ज्ञानवापी मस्जिद में जुमे की नमाज में उमड़ी भीड़, तीन नहीं अब तो 30 हजार मंदिर लेंगे, अर्जुन ने तीरंदाजी में हासिल किए चार पदक, बालिका हॉकी खिलाड़ियों का इंफाल में दिखा जलवा आदि प्रमुख खबरें रहीं। जानिए शाम 7 बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
ज्ञानवापी मामले में फोटोग्राफ और वीडियोग्राफ दोनों पक्षों को तकनीकी कारणों से नहीं हो सका उपलब्ध
ज्ञानवापी मस्जिद प्रकरण में एडवोकेट कमिश्नर की कार्यवाही के दौरान संकलित किए गए वीडियोग्राफ और फोटोग्राफ को अदालत में जमा करने के बाद दोनों पक्षों को आपत्ति के लिए एक एक प्रति सौंपने के मामले में अब इसके लीक होने की संभावना जताई जा रही है। इस मामले में तकनीकी दिक्कत होने की वजह से उसकी प्रति तैयार नहीं हो सकी और शुक्रवार को यह प्रक्रिया पूरी भी नहीं हो सकी।
इस मामले में अदालत की पूरी कार्यवाही ही एडवोकेट कमिश्नर के फोटो और वीडियो साक्ष्यों पर आधारित है। लिहाजा अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से अदालत में इसके प्रसार को रोकने की मांग भी की गई है। जबकि अदालत से वीडियो और फोटोग्राफ को देखकर इस मामले में आपत्ति करने के लिए सात दिनों का समय भी दिया गया है। अब अगर 30 मई को दोनों पक्षों को यह दिया गया तो सात जून तक आपत्ति दाखिल करनी होगी।
ज्ञानवापी मस्जिद में जुमे की नमाज में उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
ज्ञानवापी केस की शुरुआत होने के साथ ही अमूमन कम लोगों के साथ होने वाली जुमे की नमाज में माह भर से शुक्रवार को लोगों का जमावड़ा भी खूब हो रहा है। ऐसे में बीते शुक्रवार को अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी ने लोगों को अपने घरों के पास मस्जिद में नमाज अदा करने की अपील की थी। अब दोबारा शुक्रवार का दिन होने की वजह से किसी भी मामले की सुनवाई भले न हो लेकिन जुमा का दिन होने की वजह से लोगों की भीड़ को रोकने की पहल कमेटी और जिला पुलिस प्रशासन की ओर से की गई। वहीं दोपहर सवा दो बजे नमाज खत्म होने के बाद भीड़ बाहर निकली तो प्रशासन ने राहत की सांस ली।
तीन नहीं अब तो 30 हजार मंदिर लेंगे : डा. राम विलास वेदांती
पूर्व भाजपा सांसद डा. रामविलास वेदांती ने कहा कि देश में 30 हजार मंदिर तोड़ कर मस्जिद बनाए गए। देश की 90 प्रतिशत पुरानी मस्जिद कोई न कोई मंदिर तोड़ कर ही बनीं हैं। अब समय आ गया है कि हम तीन नहीं बल्कि 30 हजार मंदिरों को वापस लेंगे। रामविलास वेदांती शुक्रवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बात कर रहे थे। बताया कि 1984 में संतों और मुस्लिम धर्म गुरुओं आदि की बैठक हुई थी। उसमें हम सभी ने कहा था कि हमें अयोध्या में राम मंदिर, काशी में ज्ञानवापी और मथुरा में श्रीकृष्ण भूमि को वापस दे दें। हम चौथा मंदिर नहीं मांगेंगे। मंचों से लगातार तीन मंदिर की मांग करते रहे। मुस्लिम समाज राजी नहीं हुआ। अंततोगत्वा 464 वर्षों के संघर्ष के बाद वह दिन आया जब राम मंदिर के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूमि पूजन किया। संस्कृत का ज्ञानवापी शब्द हिंदूपरक है। ज्ञानवापी कूप का निर्माण भगवान शंकर के त्रिशूल से होने का उल्लेख है।
वाराणसी के अर्जुन ने आंध्र प्रदेश में आयोजित तीरंदाजी संघ की प्रतियोगिता में हासिल किए चार पदक
भारतीय तीरंदाजी संघ द्वारा आंध्र प्रदेश के राजा महेंद्र वर्मा शहर में राष्ट्रीय तीरंदाजी का आयोजन 23 से 26 मई को किया गया था। जहां पर अंडर-9 कैटेगरी में वाराणसी के अर्जुन सिंह ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान कुल चार फार्मेट में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अर्जुन ने पहले ही दिन सभी में बेहतर प्रदर्शन किया। महत्पूर्ण प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की ओवरआल रैंकिंग तय की जाती है। इस प्रतियोगिता में 15 मीटर तथा 10 मीटर की दूरी पर रखे हुए लक्ष्य पर कुल 72 तीर चलाना होता है। बताया कि कुल स्कोर 720 का होता हैं। अर्जुन ने अभी तक के सभी रिकार्डों को ध्वस्त करते हुए अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को हरा कर 713 अंक बनाए और पहला गोल्ड मेडल अर्जित किया।
बालिका हॉकी खिलाड़ियों की हाकी स्टिक का इंफाल में दिखा जलवा, कांस्य पर जमाया कब्जा
देश में इन दिनों महिला खिलाड़ियों की सफलता का अनवरत क्रम जारी है। इसी कड़ी में वाराणसी की महिला हाकी खिलाड़ियों ने इंफाल में अपनी हाकी स्टिक का जादू दिखाया और नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक देश भर में हासिल कर वाराणसी का नाम रोशन किया है।
गुरुवार को इन सभी खिलाड़ियों का सम्मान कर उनका हौसला अधिकारियों ने बढ़ाया तो खिलाड़ियों ने भी आगे और बेहतर करने का सभी से वायदा भी किया। खिलाड़ियों ने बताया कि प्रदेश स्तर का नेतृत्व करना काफी बेहतर अनुभव वाला रहा है। आगे मौका मिलेगा तो और भी बेहतर करने का प्रयास होगा।12 वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर वूमेन नेशनल चैंपियनशिप इंफाल में 11 से 22 मई तक आयोजित हुई थी। इस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कांस्य पर कब्जा जमाया है। उत्तर प्रदेश की बालिका हाकी की कटी में वाराणसी की दस बालिकाएं शामिल थीं। बालिका हाकी टीम में श्रेयांशी गुप्ता, पूर्णिमा यादव, मनीषा पटेल, पुष्पांजलि सोनकर, रेनुका पटेल, कोमल पाल, रश्मि पटेल, वंदना पटेल, कंचन कुमारी और आशिका वर्मा आदि शामिल थीं।