UP MLC Election 2022 : गाजीपुर एमएलसी चुनाव में भाजपा और सपा आमने सामने, 3131 मतदाता चुनेंगे अपना प्रतिनिधि

Ghazipur MLC Election 2022 गाजीपुर एमएलसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आमने सामने हैं। इस बार के एमएलसी चुनाव में कुल 3131 मतदाता अपना एमएलसी पद का प्रतिनिधि चुनने जा रहे हैं।
गाजीपुर, जागरण संवाददाता। विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए कल 16 विकास खंड कार्यालयों पर बनाए गए मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएगा। इस चुनाव में भाजपा से विशाल सिंह चंचल और सपा समर्थित मदन सिंह यादव के बीच मुकाबला है। गाजीपुर एमएलसी क्षेत्र चुनाव के लिए 3131 मतदाता अपने मताधिकार का शनिवार को प्रयोग करेंगे। इसके लिए मतदान कर्मी अपने बूथों पर पहुंच रहे हैं।
शनिवार को विधान परिषद सदस्य के लिए जिले के 16 ब्लाक कार्यालयों में वोट डाले जाएंगे। इसके लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर ही वाहन रोक दिए जाएंगे। पुलिस फोर्स की भी तैनाती की गई है। इसके लिए पोलिंग पार्टियां विकास भवन से रवाना होंगी। भाजपा प्रत्याशी विशाल सिंह चंचल और सपा प्रत्याशी मदन सिंह यादव के बीच मुकाबला है। चुनाव से एक दिन पहले ही प्रशासन ने पिछले प्रधान के कार्यकाल में मदन सिंह की बेटी पर गबन के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। वर्ष 2019 की शिकायत का संज्ञान लेते हुए चुनाव के दौरान तीन बार जांच कराई गई। जांच में गबन साबित होने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
भाजपा और सपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल : गाजीपुर में एमएलसी चुनाव सपा और भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। एक तरफ विधानसभा चुनाव में सातों सीटों पर हार चुकी भाजपा के लिए यह चुनाव जितना बहुत जरूरी है। उधर सपा के सातों विधायकों के लिए एमएलसी चुनाव को सपा की झोली में डालने की चुनौती है। इसके लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक रखी है। भाजपा के 16 में से 12 ब्लाक प्रमुखों की बदौलत चुनाव में जी जान से जुटी है। उधर, सपा के सातों विधायकों के लिए अपने अपने विधानसभा क्षेत्र के ब्लाक प्रमुखों, ग्राम प्रधानों व जिला पंचायत सदस्यों के वोट को पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में दिलवाना प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।