Ukraine Russia War Live: जंग के बीच रूस-यूक्रेन की इस्तांबुल में वार्ता शुरू, पुतिन पहले ही रख चुके हैं शर्त

खास बातें
यूक्रेन और रूस के बीच जंग का आज 34वां दिन है। एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी यूक्रेन में तबाही का मंजर जारी है। इस बीच तुर्की के इस्तांबुल में दोनों देशों के बीच बैठक होने वाली है। इस बैठक से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की ओर से शांति समझौते की पेशकश की गई है। जेलेंस्की सीधे पुतिन से बात करने की इच्छा जता चुके हैं। हालांकि, अभी तक क्रेमलिन की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
लाइव अपडेट
02:34 PM, 29-MAR-2022
आज खोले जाएंगे तीन मानवीय गलियारे
रूस यूक्रेन जंग के बीच यूक्रेन के उप प्रधानमंत्री ने बताया कि तीन मानवीय गलियारों को खोले जाने पर सहमति बनी है। पहला जपोरिजिया ओब्लास्ट में, दूसरा Enerhodar शहर और तीसरा मैलिटूपोल से लेकर जपोरिजिया तक मानवीय गलियारे को मंजूरी मिली है। वहीं मैरियूपोल से जपोरिजिया तक केवल निजी कारों को अनुमति दी गई है। 01:32 PM, 29-MAR-2022
यूक्रेन का दावा- रूस के 17 हजार से ज्यादा सैनिक मारे
01:26 PM, 29-MAR-2022
रूस और यूक्रेन के बीच इस्तांबुल में वार्ता शुरू
जंग के बीच इस्तांबुल में रूस और यूक्रेन के बीच नई दौर की बातचीत शुरू हो चुकी है। इस वार्ता के लिए दोनों देशों को प्रतिनिधिमंडल पहुंचा है। वार्ता से पहले जेलेंस्की के तेवर कुछ ढीले पड़े हैं तो राष्ट्रपति पुतिन पीछे न हटने के संकेत दे चुके हैं। वहीं यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा है कि, वह अपनी जमीन को नहीं छोड़ेंगे। 10:50 AM, 29-MAR-2022
परमाणु हमला नहीं करेगा रूस- क्रेमलिन प्रवक्ता
मीडिया को दिए साक्षात्कार में क्रेमलिन के प्रवक्ता ने परमाणु हमले के सवाल से पर्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि, यूक्रेन पर परमाणु हथियारों का उपयोग नहीं किया जाएगा। रूस इन हथियारों को उपयोग केवल तब करेगा, जब रूस के अस्तित्व को कोई खतरा होगा। 10:15 AM, 29-MAR-2022
सात रूसी मिसाइलें नेस्तनाबूद
यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि, उसने दोनेस्क व लुहांस्क में पिछले 24 घंटों में सात रूसी मिसाइल हमलों को रोक दिया है। उनकी मिसाइलों को नेस्तनाबूद कर दिया गया है। इसके अलावा 12 टैंकों व 10 बख्तरबंद वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया है। 09:20 AM, 29-MAR-2022
पुतिन की मांग न मानें कंपनियां- जापान
जापान सरकार की ओर से जापानी कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि, वे पुतिन की मांग बिल्कुल न मानें। दरअसल, पुतिन ने गैस निर्यात के लिए रूबल में भुगतान करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं जापान ने पांच अप्रैल से रूस को लक्जरी कारों, कीमती पत्थरों व अन्य सामानों के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है।
09:17 AM, 29-MAR-2022
रूस-यूक्रेन के अधिकारियों को दिया गया था जहर
वाल स्ट्रीट जनरल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के अरबपति रोमन अब्रमोविच और यूक्रेन के शांति वार्ताकारों को जहर देने का मामला सामने आया है। यह जहर रूस की ओर से युद्ध समर्थकों की ओर से दिया गया था, जिससे की वार्ता शांति समझौते की ओर न बढ़ सके। 08:59 AM, 29-MAR-2022
इस्तांबुल पहुंचा यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल
रूस के साथ आज होने वाली बातचीत के लिए यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल तुर्की के इस्तांबुल पहुंच गया है। यूक्रेन की ओर से कहा गया है कि, हमारी प्राथमिकता युद्ध विराम होगी। 08:54 AM, 29-MAR-2022
अपने बयान से पीछे नहीं हटूंगा- बाइडन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि, पुतिन को लेकर दिए गए अपने बयान से वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने दो दिन पहले कहा था कि, पुतिन को सत्ता में नहीं रहना चाहिए। इसके बाद व्हाइट हाउस की ओर से उनके बयान पर सफाई भी जारी की गई थी। कहा गया था कि, अमेरिकी राष्ट्रपति का बयान रूस में सत्ता परिर्वतन का आह्वान नहीं था। हालांकि, बाइडन ने इस मामले को फिर से तूल दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह अपने बयान पर अभी भी कायम हैं, क्योंकि मेरा बयान कोई नीति नहीं है। यह नैतिक विरोध है। 08:51 AM, 29-MAR-2022
यूक्रेन अपनी जमीन नहीं छोड़ेगा- दिमित्रो कुलेबा,
तुर्की में वार्ता से पहले यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने कहा है कि, यूक्रेन अपनी संप्रभुता और जमीन को नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि, अगर रूस फिर से हमें धमकाता है तो यह वार्ता बिना किसी लक्ष्य के फिर से खत्म हो जाएगी। 08:42 AM, 29-MAR-2022
स्टिंगर व जेवलिन मिसाइल का उत्पादन बढ़ाएगा अमेरिका
रूस-यूक्रेन जंग के बीच अमेरिका स्टिंगर व जेवलिन मिसाइल का उत्पादन बढ़ाने पर विचार कर रहा है। दरअसल, ये दोनों मिसाइल सिस्टम की यूक्रेन में आपूर्ति किए जाने के बाद अमेरिका के स्टॉक में कमी आ रही है। ऐसे में सप्लाई जारी रखने के लिए दोनों मिसाइलों का उत्पादन बढ़ाए जाने की तैयारी है। स्टिंगर जहां एंटी एयरक्राफ्ट मिसाइल सिस्टम है तो जेवलिन एंटी टैंक मिसाइल सिस्टम है। इन्हीं दोनों मिसाइल सिस्टम की बदौलत यूक्रेन ने अब तक रूस को रोक कर रखा है।08:35 AM, 29-MAR-2022
यूक्रेन का दावा- आठ फाइटर प्लेन उड़ाए
जंग के बीच यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि उसने रूसी हवाई हमलों का करारा जवाब दिया है। यूक्रेन ने रूस के आठ फाइटर प्लेनों, चार यूएवी और तीन हेलीकॉप्टरों को मार गिराने का दावा किया है। 08:23 AM, 29-MAR-2022
Ukraine Russia War Live: जंग के बीच रूस-यूक्रेन की इस्तांबुल में वार्ता शुरू, पुतिन पहले ही रख चुके हैं शर्त
यूक्रेन के दक्षिणी शहर मैरियूपोल में रूसी पूरी ताकत के साथ हमला कर रहा है। इस शहर की घेराबंदी करने के बाद से अब तक पांच हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। यह दावा मैरियूपोल के मेयर के प्रवक्ता की ओर से किया गया है। उन्होंने बताया कि शहर की 90 प्रतिशत इमारतें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।