Shri Krishna Janmashtami: पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनायी गई जन्माष्टमी, कृष्ण रंग में रंगे नजर आए अमित शाह-योगी आदित्यनाथ समेत कई नेता

नई दिल्ली, एजेंसी। Shri Krishna Janmashtami: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भक्तों ने देश भर के कृष्ण मंदिरों में मध्यरात्रि समारोह में हिस्सा लिया। मथुरा में भक्तों को ‘हरे राम हरे कृष्ण’ की धुन पर नाचते हुए देखा गया।
आधी रात को हुआ भगवान श्रीकृष्ण का जन्म
पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण का जन्म आधी रात को हुआ था। जन्माष्टमी पर मध्यरात्रि अनुष्ठान के बाद विशेष प्रसाद का वितरण किया जाता है।
- दिल्ली के इस्कान मंदिर में, मध्यरात्रि समारोह के हिस्से के रूप में विशेष अनुष्ठान किए गए।
- समारोह की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में कृष्ण जन्माष्टमी पर मध्यरात्रि समारोह के बीच दही हांडी में हिस्सा लिया।
- देशभर में शुक्रवार को जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई।
- विभिन्न शहरों और कस्बों में मंदिरों को रंगीन रोशनी और ‘जय श्री कृष्ण’ के मंत्रों से जगमगाते देखा गया।
गृह मंत्री अमित शाह ने इस्कान मंदिर में की पूजा अर्चना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को अपनी पत्नी सोनल शाह के साथ अहमदाबाद के इस्कान मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे।
‘हमारे विचारों को प्रेरित करती हैं भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि मंदिर का दौरा किया। आदित्यनाथ ने कहा, ‘परित्राणाय साधुं विनाशय चा दुष्कृताम’, भगवान श्री कृष्ण की शिक्षाएं हमारे विचारों, कार्यों और हमारी दृष्टि को प्रेरित करती हैं।’
हर्षोल्लास के साथ मनाई गई जन्माष्टमी
- महाराष्ट्र के ठाणे में, जन्माष्टमी का त्योहार बड़े पैमाने पर मनाया गया और वहां कई दही हांडी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
- दही हांडी प्रतियोगिता को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी।
- बालीवुड अदाकारा श्रद्धा कपूर ने ठाणे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ दही हांडी कार्यक्रम मनाया।
- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को मुंबई के घाटकोपर में दही हांडी समारोह में शामिल हुए।
भगवान विष्णु के अवतार हैं श्रीकृष्ण
भगवान विष्णु के अवतार श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को हुआ था। उन्हें कन्हैया, कान्हा, लड्डू गोपाल, वासुदेव, माखन चोर और द्वारिकाधीश आदि नाम से भी जाना जाता है। यह दिन ज्यादातर पश्चिमी कैलेंडर के अनुसार अगस्त या सितंबर के महीने में आता है।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘सभी देशवासियों को जन्माष्टमी के पावन-पुनीत अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। भक्ति और उल्लास का यह उत्सव हर किसी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए। जय श्रीकृष्ण!’