Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन पर ज़ापोरिज्जिया पावर प्लांट पर हमले का लगाया आरोप, कहा- IAEA मिशन में बाधा डालने की कोशिश

एनेर्होदर, एजेंसी। छह महीने से अधिक समय से जारी युद्ध के बीच रूस का आरोप है कि यूक्रेनी सैनिकों ने उसके कब्जे वाले ज़ापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के क्षेत्र में एक बार फिर से गोलाबारी की है। ज़ापोरिज्जिया में तैनात रूस के क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि आईएईए मिशन (IAEA) को बाधित करने के उद्देश्य से यूक्रेन जानबूझ कर परमाणु ऊर्चा क्षेत्र में गोलीबारी कर रहा है। रूसी अधिकारी रोगोव ने कहा कि यूक्रेन के हमले से संयंत्र के पास दो विस्फोट हुए हैं।
यूक्रेन पर हमले के बाद रूस ने किया कब्जा
बता दें कि दक्षिणपूर्वी यूक्रेन स्थित ज़ापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा स्टेशन यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र है। इसकी गिनती विश्व के 10 सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र के तौर पर भी की जाती है। 4 मार्च 2022 को यूक्रेन पर आक्रमण के दौरान सीमावर्ती क्षेत्र एनेर्होदर की लड़ाई के दौरान रूसी सेना ने परमाणु और थर्मल पावर स्टेशनों पर कब्जा कर लिया था। तब से अब तक यूक्रेन और रूस ने कई बार एक-दूसरे पर यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमला करने का आरोप लगाते आए हैं।
हमले से संयंत्र को हो सकता है नुकसान
बता दें कि इस सप्ताह संयुक्त राष्ट्र के परमाणु नियामक अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की एक टीम यूक्रेन स्थित ज़ापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र की यात्रा करने वाले हैं। इन सब के बीच रूस-यूक्रेन के युद्ध के कारण सुरक्षा को लेकर भी लगातार चिंता जताई जा रही है। किसी भी तरह की गोलाबारी या हमले से परमाणु संकट खड़ा हो सकता है। रूस-यूक्रेन के हमलों से संयंत्र में विकिरण का रिसाव बढ़ने की संभावना बढ़ गई है।
संयंत्र को हुए नुकसान का आकलन करगी टीम
इस प्रकार की किसी भी भयंकर त्रासदी से बचने के लिए आईएईए के महानिदेशक रफेल ग्रोसी (Rafael Grossi) काफी पहले से यूरोप के सबसे बड़े जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र में विशेषज्ञों के प्रवेश की अनुमति की मांग कर रहे थे। आईएईए ने ट्वीट कर जानकारी दी कि विशेषज्ञों की टीम टीम वहां सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही साथ प्लांट में काम कर रहे कामगारों के काम करने की परिस्थितियों का भी आकलन करेंगे।