Russia Ukraine Crisis: रूस ने कहा- यूक्रेन में नहीं है परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की जरूरत

मास्को, एजेंसी। यूक्रेन में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की जरूरत से रूस ने साफ इनकार किया है। रूसी रक्षा मंत्री ने मंगलवार को यह बात कही। दरअसल यूक्रेन में रूस द्वारा परमाणु हथियार के इस्तेमाल को लेकर मीडिया में अफवाहें चल रहीं थी जिसका आज रूस ने खंडन किया है। रक्षा मंत्री शर्गेई शोइगु (Sergei Shoigu) ने इस बात को पूरी तरह गलत करार दिया और कहा, ‘मिलिट्री की ओर से देखें तो अपने मकसद को पाने के लिए यूक्रेन में परमाणु हथियार के इस्तेमाल की जरूरत नहीं है। रूसी परमाणु हथियारों का मुख्य मकसद परमाणु हमले का मुंहतोड़ जवाब देना है।’ रक्षा मंत्री मास्को में आयोजित इंटरनेशनल सिक्योरिटी कान्फ्रेंस में बोल रहे थे।
रक्षा मंत्री ने यूक्रेन के सैन्य कार्रवाई पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सब अमेरिका और ब्रिटेन की योजना है और NATO ने अपने सैनिकों की तैनाती पूर्वी और मध्य यूरोप में बढ़ा दी है। दूसरी ओर इंटरनेशनल टेक्निकल फोरम आर्मी-2022 में रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने ऐलान किया है कि वो साथी देशों जिसमें लैटिन अमेरिका, एशिया और अफ्रीका शामिल हैं, उन्हें आधुनिक हथियारों से लैस करेंगे। पुतिन ने कहा है कि उनका देश अपने साथियों की अहमियत समझता है और इसलिए ये फैसला लिया गया है।