Raksha Bandhan 2022 : रक्षा बंधन में बहने करेंगी रोडवेज की फ्री सवारी, 48 घंटे तक योजना का मिला लाभ

यूपी रोडवेज में बहनों को हर वर्ष की भांति निश्शुल्क बस सेवा की सौगात मिलेगी। रक्षा बंधन पर्व के मद्देनजर पूरे 48 घंटे तक इस योजना का लाभ मिलेगा। सभी कार्यालयों को आदेश जारी करने से पहले मुख्यालय स्तर पर इसकी कार्ययोजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद रक्षाबंधन पर बहनों को मुफ्त सफर का तोहफा देने की कवायद शुरू हो गई है।
इसका लाभ उठाने वाली महिलाओं को टिकट भी लेना पड़ेगा। हालांकि इसका पैसा नहीं देना होगा। महिला यात्रियों जो टिकट दिया जाएगा उसपर सफर की जानकारी होगी। इस पर किराये की डिटेल नहीं होगा। इसके लिए रोडवेज ने अपनी ई- टिकट मशीन में भी बदलाव किए हैं। विभागीय अधिकारियों की माने तो इस बार करीब एक लाख महिलाओं के वाराणसी परिक्षेत्र में फ्री सफर करने का अनुमान है। इससे रोडवेज को करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।
48 घंटे तक मिलेगी यह सुविधा
रक्षाबंधन पर 10 अगस्त की रात बारह बजे से 12 अगस्त की रात 12 बजे तक रोडवेज की बसों में महिलाएं फ्री सफर कर सकेंगी। महिलाओं के साथ आठ वर्ष से छोटे बच्चों का भी टिकट फ्री रहेगा। आठ से 12 वर्ष के बच्चे का आधा टिकट लेना होगा। इससे अधिक उम्र के बच्चे के लिए पूरा टिकट लेना होगा। वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक केके तिवारी ने बताया कि रक्षाबंधन पर निशुल्क बस सेवा के संदर्भ में कार्ययोजना बनाई जा रही है। मुख्यालय से आदेश मिलने पर उसका अनुपालन कराया जाएगा।