Pakistan Floods: पाकिस्तान में बाढ़ ने छीन ली 1100 से अधिक जिंदगी, अब तक 3 करोड़ से ज्यादा लोग हुए प्रभावित

इस्लामाबाद, एजेंसी। Pakistan Floods- पाकिस्तान में भीषण बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। इस भीषण बाढ़ में अब तक एक हजार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने एक बयान में बताया कि पाकिस्तान में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 1,100 को पार कर गई है और 3 करोड़ से अधिक (33 मिलियन) लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
1 हजार 136 लोगों की हुई मौत
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि देश में 14 जून के बाद से हुई बारिश और बाढ़ से कम से कम 1,136 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1,634 लोग घायल हुए हैं। बयान के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 28 लोगों की भीषण बाढ़ ने जान ले ली है। इसके अलावा अधिकारी बाढ़ से प्रभावित हुए गांवों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
बाढ़ से नष्ट हुई फसलें, सड़कें भी क्षतिग्रस्त
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, पाकिस्तान में बाढ़ से दो मिलियन एकड़ से अधिक खेती की गई फसलें नष्ट हो गई हैं। इसके अलावा देश में 3,457 किलोमीटर (लगभग 2,200 मील) सड़कें नष्ट हो गई हैं और 157 पुल बाढ़ में बह गए हैं। वहीं, देश की स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को बाढ़ आपदा के लिए राष्ट्रीय बाढ़ प्रतिक्रिया और समन्वय केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी है।
पीएम शहबाज शरीफ ने किया ट्वीट
वहीं, पीएम शहबाज ने ट्वीट कर कहा कि केंद्र आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, दानदाताओं और सरकारी संस्थानों के बीच एक सेतु का काम करेगा। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र नवीनतम जानकारी एकत्र करेगा और उसका विश्लेषण करेगा, जिसे संबंधित सरकारी एजेंसियों को दिया जाएगा जो बुनियादी ढांचे की बहाली सहित बचाव और राहत कार्यों की भी देखरेख करेगा।
भीषण बाढ़ का सामना कर रहा पाकिस्तान
बता दें कि पाकिस्तान इन दिनों अपनी सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। बाढ़ ने लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया है, जिसके बाद पाकिस्तान सरकार ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। एनडीएमए के आंकड़ों के मुताबिक, 33 मिलियन से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। प्राधिकरण ने बताया कि अबत तक 51,275 लोगों को बचाया गया है, जबकि 498,442 को राहत शिविरों में ले जाया गया है।
पाकिस्तान में टूटा बारिश का रिकार्ड
पाकिस्तान में इस साल 388.7 मिमी बारिश हुई है। जो बीते 30 साल में औसत से 190.07 प्रतिशत अधिक हुई है। 25 अगस्त तक पाकिस्तान में 375.4 मिमी बारिश हुई है। बयान में कहा गया है कि ये बारिश मुख्य रूप से बलूचिस्तान, सिंध और पंजाब के कुछ हिस्सों में हुई है। जिसमें बलूचिस्तान में 30 साल की औसत बारिश का पांच गुना और सिंध में 30 साल के औसत से 5.7 गुना बारिश हुई है।