Onam Festival: केरल सरकार ने अपने कर्मचारियों को दिया बड़ा तोहफा, ओणम त्योहार से पहले मिला गिफ्ट

तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। केरल के सरकारी कर्मचारियों के लिए त्योहार से पहले अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देने का एलान किया है। सरकार ने सोमवार को आगामी ओणम त्योहार के सिलसिले में राज्य के कर्मचारियों के लिए 4,000 रुपये के बोनस की घोषणा की। राज्य के वित्त मंत्री के एन बालगोपाल ने कहा कि जो सरकारी कर्मचारी बोनस के हकदार नहीं हैं, उन्हें विशेष त्योहार भत्ते के रूप में 2,750 रुपये मिलेंगे।
लाखों कर्मचारी होंगे लाभांवित
राज्य सरकार के इस कदम से लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को फायदा मिलेगा। बालगोपाल ने अपने बयान में बताया कि सरकारी क्षेत्र में काम करने वाले 13 लाख से अधिक कर्मचारियों और मजदूरों तक लाभ और सहायता पहुंचेगी। इसके साथ ही सरकार ने पेंशनभोगियों के लिए भी विशेष इंतजाम किया है। उन्होंने कहा कि अंशदायी पेंशन योजना के तहत सेवा पेंशनभोगियों और कर्मचारियों को 1,000 रुपये का विशेष त्योहार भत्ता दिया जाएगा।
20,000 रुपए मिलेगा एडवांस
बयान में कहा गया कि राज्य के सभी कर्मचारी को 20,000 रुपये त्योहार के मौके पर एडवांस में मिलेगा। जबकि पार्ट टाइम और आकस्मिक कर्मचारियों को उनके वेतन पर 6,000 रुपये का एडवांस मिलेगा। पिछले साल भी सरकार ने अपने कर्मचारियों को 4,000 रुपए बोनस और 2750 रुपए फेस्टिवल भत्ता के रूप में दिया था। वहीं, उस समय सभी कर्मचारियों को 15,000 रुपए एडवांस में मिला था। साथ ही पार्ट टाइम काम करने वाले कर्मचारियों को 5,000 रुपए एडवांस दिया गया था।
क्या है ओणम त्योहार
बता दें कि ओणम त्योहार मुख्य रूप से केरल में मनाया जाता है। इस त्योहार को केरल का राज्यकीय पर्व कहा जाता है। यह राजा महाबली के स्वागत में प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है और 10 दिनों तक चलता है। इस वर्ष 8 सितंबर को ओणम त्योहार मनाया जाएगा।