Karnataka: उद्योगपति के बेटे से 4 करोड़ रुपये रंगदारी मांगने वाली महिला गिरफ्तार, दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी भी दी

कर्नाटक में उद्योगपति के बेटे को धमकी देने और उससे फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला के अलावा उसके तीन साथियों को भी धर दबोचा है। आरोप है कि महिला और उसके साथी उद्योगपति के बेटे को धमकी देकर चार करोड़ रुपये की उगाही मांग रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला का नाम पुष्पा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों के नाम अयप्पा उर्फ अर्जुन, राकेश और संतोष है। पुष्पा इस गैंग की सरगना थी। गिरोह ने उद्योगपति के बेटे सूरज को सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा देकर फंसाया था।
पुष्पा और सूरज की कई बार मुलाकात
एजेंसी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, पुष्पा ने सूरज से कई बार मुलाकात की थी। पुष्पा ने उसे संतोष से मिलवाया था। पुष्पा ने सूरज को बताया कि संतोष एक आईएएस अधिकारी का निजी सचिव है। सूरज एक दिन पुष्पा से बात कर रहा था, तभी दूसरा आरोपी आया और सूरज को धमकी देने लगा। उसने सूरज द्वारा चार करोड़ रुपये देने पर ही उसे छोड़ने को कहा।
दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी
आरोपी सूरज को पुष्पा के घर ले गए। पुष्पा ने सूरज को धमकाया कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वह उसके खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करवाएगी। धमकी से घबराकर सूरज ने आरोपियों को 25 लाख रुपये दिए और फिर उसे रिहा कर दिया गया। पुष्पा ने सूरज को ये भी धमकी दी थी कि अगर उसने इस बारे में पुलिस को कुछ भी बताया तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। हालांकि, सूरज ने पुलिस को इसके बारे में बता दिया। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।