
दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में रविवार शाम छात्रों के दो गुटों के बीच नॉनवेज खाने को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इसमें कई छात्र घायल हो गए। ABVP सदस्यों ने लेफ्ट विंग पर रामनवमी पर पूजा नहीं करने देने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि आज रामनवमी पर दोपहर 3.30 बजे छात्रों ने पूजा और हवन रखा था। लेफ्ट विंग वालों ने वहां पहुंचकर पूजा नहीं करने दी, बाद में खाने पर विवाद की बात करने लगे।
हिंसक झड़प के बाद दोनों ही गुटों के मेंबर्स ने थाने पर रातभर प्रदर्शन किया। इस मामले पर अब FIR भी दर्ज कर ली गई है।
JNU नॉनवेज केस अपडेट
- जेएनयू में दो समूहों के बीच हुई हाथापाई के खिलाफ सरदार पटेल भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पर अखिल भारतीय छात्र संघ (आइसा) के सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
- जेएनयू प्रशासन ने सोमवार को कहा कि परिसर में किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी किसी भी घटना में शामिल न होने की चेतावनी दी जो शांति और सद्भाव को बिगाड़ती है।
- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत को सुरक्षित करने के लिए एक साथ खड़े होने की अपील की और कहा कि नफरत और हिंसा देश को कमजोर कर रही है।
रामनवमी और इफ्तार पार्टी एक साथ थी
JNU के कावेरी हॉस्टल में रामनवमी और इफ्तार पार्टी एक साथ थी। इफ्तार पार्टी में नॉनवेज भी रखा गया था। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ। एक गुट का कहना था कि पूजन के दिन नॉनवेज को मेन्यू में नहीं रखना चाहिए। खाने को लेकर दोनों गुटों में बातचीत अचानक मारपीट में तब्दील हो गई।

मारपीट की घटना के बाद थाने के सामने प्रदर्शन करते JNU के छात्र।
ABVP ने रामनवमी में नॉनवेज में लगाई थी रोक
वहीं, JNU स्टूडेंट्स यूनियन और लेफ्ट विंग के छात्रों ने ABVP पर नॉनवेज खाने से रोकने का आरोप लगाया है। घटना JNU के कावेरी हॉस्टल की है। यहां हर रविवार को स्पेशल मील के तहत नॉनवेज बनता है। ABVP का कहना था कि राम नवमी के दिन नॉनवेज नहीं बनने देंगे। इसी को लेकर विवाद बढ़ा और बात हिंसा तक बढ़ गई।
JNU डीन ने छात्रों संग खाया खाना
हंगामे के बाद JNU के डीन सुधीर प्रताप एक्शन में दिखे। उन्होंने ABVP और लेफ्ट विंग के छात्रों के साथ बैठकर कावेरी हॉस्टल में खाना खाया। उनकी कोशिश थी कि दोनों पक्षों के तरफ से मामले को शांत किया जाए। कावेरी हॉस्टल में वाइस चांसलर डीन ऑफ स्टूडेंट्स ने सभी छात्रों के साथ बातचीत भी की। इधर, JNU मेस विवाद पर VHP प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि किसी के साथ मारपीट की बात सामने नहीं आई है।

डीन सुधीर प्रताप ने दोनों गुटों के साथ बैठकर खाना खाया और मामले को शांत करने की कोशिश की।
मारपीट में कई छात्र घायल, पुलिस एक्शन में आई
यूनिवर्सिटी की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। DCP मनोज सी. ने बताया कि घटना में कुछ छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। DCP ने कहा कि इस घटना में जो भी दोषी होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। दिल्ली पुलिस ने बताया कि JNUSU, SFI, DSF और AISA के छात्रों ने ABVP के कुछ छात्रों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। जिसके तहत IPC की धारा 323/341/509/506/34 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, ABVP के छात्रों ने भी लेफ्ट विंग के छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।

AISA के अध्यक्ष बोले- पुलिस तमाशा देख रही थी
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के अध्यक्ष और JNUSU के पूर्व अध्यक्ष एन साई बालाजी ने कहा कि रविवार को शाम 4-5 बजे के करीब उन्हें सूचना मिली कि ABVP के कुछ छात्रों ने मेस मैनेजर को नॉन-वेज खाना बंद करने की धमकी दी, चिकन वेंडर को भगा दिया और मेस कमेटी के सदस्यों पर हमला किया।

AISA के अध्यक्ष एन साई बालाजी के मुताबिक, ABVP के कुछ छात्रों ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया, उनका यौन और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
उन्होंने डीन और वार्डन को कहा कि ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए। पसंद के अनुसार खाने की आजादी होनी चाहिए, शाकाहारी भोजन हमेशा होता है। बालाजी ने कहा, ‘हमने देखा कि ABVP के सदस्य कावेरी छात्रावास के गेट के बाहर से पथराव कर रहे थे। उन्होंने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया, उनका यौन और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। हमें किसी की प्रार्थना से कोई समस्या नहीं है। SHO वहीं खड़े रहे और कुछ नहीं किया’