Flood in Varanasi : खतरा बिंदु पार कर विश्वनाथ कारिडोर तक जा पहुंचीं गंगा, जल तांडव के बीच पलायन जारी

गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ाव के बीच खतरा बिंदु को पार करने के बाद भी थमने की ओर नजर नहीं आ रहा है। देर रात कारिडोर क्षेत्र में गंगा ने दस्तक दे दी तो लगा मानो बाबा का अभिषेक करने के बाद ही अब गंगा लौटेंगी। गंगा ने बाबा दरबार परिक्षेत्र में प्रवेश किया तो आस्थावानों ने हर हर गंगे और हर हर महादेव का उद्घोष भी किया। कई वर्षों में यह अनोखा मौका था जब गंगा बाबा दरबार की ओर जा पहुंची हैं। सुबह तक गंगा का जलस्तर प्रतिघंटे एक सेंटीमीटर तक बढ़ रहा था, इस लिहाज से आगे दुश्वारियां कम होने की उम्मीद नही है। वहीं बाढ़ का पानी दोपहर 12 बजे तक लगातार बढ़ाव पर होने ने निचली कालोनियों में दुश्वारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
वहीं गंगा का रुख लगातार बढ़ाव की ओर होने के बीच सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर खतरा बिंदु 71.26 मीटर को पार करने के बाद 72.02 मीटर तक गंगा का स्तर हो चुका है। जबकि लगातार गंगा का जलस्तर अब खतरा बिंदु को पार करने के बाद नया रिकार्ड बनाने की ओर हैं। बाबा दरबार सहित तटवर्ती तमाम इलाकों में गंगा का जलस्तर अब जल तांडव सर्वत्र नजर आ रहा है। निचले इलाकों से पलायन पहले ही हो चुका है तो अब नए इलाके जद में आ रहे हैं। हालांकि सुखद हालात यह है कि प्रयागराज में गंगा का जलस्तर थमने लगा है। ऐसे में चौबीस घंटों में गंगा का जलस्तर कम होने की उम्मीद बढ़ गई है।
शहर में राहत और बचाव कार्य के लिए लगातार जलपुलिस और एनडीआरएफ के साथ पीएसी का जलसुरक्षा दस्ता लगातार शहर में गश्त कर लोगों की सुरक्षा को पुख्ता कर रहा है। माना जा रहा है कि गंगा का जलस्तर खतरा बिंदु से एक मीटर तक ऊपर जा सकता है। इसको देखते हुए तटवर्ती इलाकों में लोग पलायन के साथ ही जलस्तर पर भी लगातार निगरानी रखे हुए हैं। इस लिहाज से आने वाले दिनों में बाढ़ का पानी तटवर्ती इलाकों के लिए चुनौती साबित हो सकता है। वहीं बाढ़ राहत सामग्री का वितरण भी प्रभावित इलाकों में शुरू कर दिया गया है।