
वाराणसी। शहर में सड़क किनारे अब मृत पशु नहीं दिखाई देंगे। करसड़ा में मृत पशुओं का शव निस्तारण प्लांट मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा। नगर निगम की ओर से मशीनें मंगाकर प्लांट में लगवाई जा रही हैं। प्लांट की चौड़ाई 100 मीटर व लंबाई 200 मीटर है। यहां रोजाना 20 बड़े और 15 छोटे मृत पशुओं के शवों का निस्तारण किया जा सकेगा।
मृत पशुओं के शवों के निस्तारण के लिए शहर में कोई खास प्रबंध नहीं है। ऐसे में शव सड़कों के किनारे फेंके जाते हैं। इससे राहगीरों के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतें होती हैं। इसको देखते हुए शासन ने नगर निगम को 4.99 करोड़ रुपये दिए। इस धनराशि से करसड़ा में मृत पशु शव निस्तारण प्लांट बनवाया जा रहा है। इसका निर्माण पिछले तीन साल से चल रहा है। मार्च में निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।
नगर आयुक्त प्रणय सिंह बताते हैं कि लखनऊ की कंपनी सी काप प्लांट का निर्माण करा रही है। मार्च से मृत पशुओं के शवों का यहां निस्तारण होने लगेगा। दरअसल, वैज्ञानिक विधि से शवों का निस्ताऱण होने से नगर निगम को आय भी होगी। वहीं गंदगी की समस्या से भी निजात मिल जाएगी।