Azamgarh Lok Sabha By Election : अधिग्रहित होंगे 884 गाड़ी, स्कूली बसों समेत अन्य वाहन स्वामियों को भेजा गया नोटिस

जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : संभागीय परिवहन विभाग ने लोकसभा उपचुनाव के लिए 884 वाहनों का अधिग्रहण करेगा। इसमें प्राइवेट और स्कूली बसों के साथ कारों के अधिग्रहण के लिए वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा जा रहा है। निजी वाहन स्वामियों को चुनाव में अपने वाहन चालक समेत प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सपा के निर्वतमान सांसद अखिलेश यादव के आजमगढ़ लोकसभा सीट से इस्तीफा देने के बाद उपचुनाव का बिगुल बज गया है। 23 जून को मतदान व 26 जून को मतगणना होगी। प्रशासन चुनाव की तैयारी में जुट गया है। चुनाव के दिन मतदान कर्मियों के अलावा सुरक्षा बल के लिए भी वाहनों की जरूरत पड़ेगी। प्रशासन के पास इतने वाहन नहीं हैं। इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से 884 वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा गया है।
विधानसभावार लगने वाले वाहनों का विवरण
लोकसभा उप चुनाव में पांच विधान सभाएं आती हैं। विस क्षेत्र गोपालपुर में 94 वाहन, सगड़ी 107, मुबारकपुर 110, आजमगढ़ सदर 123 व मेंहनगर में 111 बड़े वाहन लगेंगे। विस क्षेत्र आजमगढ़ सदर में चार व अन्य सभी विधानसभा में दो-दो बड़े वाहन अतिरिक्त रखे जाएंगे। इसके अलावा हल्के वाहन 350 अधिग्रहित किए गए हैं।
लोकसभा उपचुनाव के लिए वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। विद्यालय वाहनों काे भी चुनाव में उपयोग के लिए नोटिस भेजा जा रहा है। निर्धारित अवधि में चालक सहित उपलब्ध कराना है।’
-संतोष कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन।
उप चुनाव से जुड़ी खबर-प्रतिबंधित किया गया अधिकारियों व कर्मचारियों का अवकाश
आजमगढ़ सदर संसदीय सीट पर होन वाले उप चुनाव की आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाने के कारण जिले के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का अवकाश तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। एडीएम प्रसाशन अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी, प्रभारी अधिकारी, मजिस्ट्रेट अथवा निर्वाचन कार्य में लगे नोडल अधिकारी को मुख्यालय से बाहर या अवकाश पर जाना हो, तो वह अवकाश प्रार्थना पत्र पर अपने स्थान पर प्रभारी को सूचित करने का विवरण अंकित करने के बाद उपलब्ध कराएगा। डीएम से अवकाश स्वीकृत किए जाने के बाद ही कोई अधिकारी, कर्मचारी मुख्यालय से बाहर जाएगा। बिना अवकाश स्वीकृत कराए कोई भी अधिकारी व कर्मचारी मुख्यालय से बाहर नहीं जाएगा।