
वाराणसी, जागरण संवाददाता। नगर निगम क्षेत्र में चार पांच सितारा होटल संचालित हैं, जिन्होंने वर्तमान वित्तीय वर्ष का भी लाइसेंस शुल्क जमा कर दिया है। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में चार तीन सितारा होटलों का भी संचालन हो रहा है।
इसमें तीन होटलों ने तो अनुज्ञप्ति शुल्क नगर निगम को जमा कर दिया है। लेकिन नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार तीन सितारा एक होटल प्रबंधन द्वारा अभी तक लाइसेंस शुल्क जमा नहीं किया गया है। ऐसा इसी वर्ष नहीं बल्कि बीते तीन वर्षों से हो रहा है। इस होटल के बार का भी लाइसेंस शुल्क नहीं जमा किया गया है। जबकि नगर निगम प्रशासन द्वारा हर वर्ष नोटिस पर नोटिस भेजी जा रही है। वैसे नगर निगम प्रशासन ने अनुज्ञप्ति शुल्क जमा नहीं करने वालों को विलंब शुल्क के साथ 31 जनवरी तक का समय देते हुए फरमान जारी कर दिया है कि उक्त समयावधि में लाइसेंस शुल्क जमा नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर तालाबंदी की जाएगी।
अब देखना है कि नगर निगम प्रशासन अब इस फरमान पर कितना अमल कर पाता है। तीन सितारा होटल के लिए अनुज्ञप्ति शुल्क 18 हजार तथा विलंब शुल्क नौ हजार निर्धारित किया गया है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन का मामना है कि उक्त तीन सितारा होटल पर अनुज्ञप्ति शुल्क का तकरीबन एक लाख से ऊपर का बकाया है। इसके अलावा कई शराब दुकानों, पैथालाजी, प्राइवेट क्लीनिक, हास्पिटल आदि ने भी अनुज्ञप्ति शुल्क नहीं जमा किया है।
क्या है स्थिति
प्रतिष्ठान – कुल संख्या – जमा करने वाले की संख्या – विलंब शुल्क के साथ अनुज्ञप्ति शुल्क
पैथालाजी – 37 – 33 – 3000
प्राइवेट क्लीनिक – 34 – 30 – 9000
हास्पिटल – 66 – 56 – 15000
प्रसूति गृह – 10 – 3 – 15000
नर्सिंग होम – 79 – 66 – 6000
होटल, लाज, गेस्ट हाउस – 319 – 277 – 3000
देशी शराब – 86 – 71 – 18000
अंग्रेजी शराब – 72 – 59 – 36000
बीयर – 78 – 51 – 18000