वाराणसी में अबकी देव दीपावली पर 10 लाख पर्यटकों के आने की संभावना, गंगा किनारे के सारे होटल फुल

काशी में इस बार देव दीपावली पर भीड़ के सारे रिकार्ड टूट जाएंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि करीब चार लाख तक की होने वाली भीड़ इस बार 10 लाख के आंकड़े को पार कर सकती है। आलम यह है कि गंगा किनारे के सभी होटल फुल हैं।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के बाद पर्यटन के क्षेत्र में काशी में बड़ा और अहम बदलाव आया है। ऐसे में पर्यटकों की आमद भी तेजी से बढ़ी है। यहां के महत्वपूर्ण पर्व देव दीपावली पर दीपों की कतार और जगमगाहट से काशी की छटा ही निराली रहती है। इस नजारे को देखने व यादों में कैद करने को यहां आस्थावानों का सैलाब उमड़ पड़ता है। कोरौना काल की वजह से हाल के कुछ साल देव दीपावली का वह स्वरूप नहीं रहा। इस बार फिर से इसे लेकर खास तैयारियां की जा रही हैं, तो लोग भी उत्साहित हैं। इसे यूं भी समझा जा सकता है कि अब तक गंगा के किनारे के तकरीबन सभी होटल, लाज छह से नौ नवंबर तक फुल हैं, बल्कि कुछ में अगले तीन साल तक की बुकिंग कराई जा चुकी है।
पर्यटन विभाग प्रदान करता है तेल, दीया और बाती
देव दीपावली पर गंगा के सभी घाटों और दूसरे किनारों की अलौकिक सजावट होती है। अलग-अलग घाटों पर समितियां दीपक जलाती हैं तो पर्यटन विभाग तेल, दीया और बाती का इंतजाम करता है। घाटों के साथ दूसरे छोर की सजावट का जिम्मा भी पर्यटन विभाग पर ही रहता है। इस दौरान घाटों, गंगा में नावों और बजड़ों पर ऐसा प्रतीत होता है मानो सारे लोग आ पड़े हों।
अगले साल के लिए भी 50 फीसद कमरे फुल
देव दीपावली पर न सिर्फ होटल फुल हो चुके हैं, बल्कि अगले साल के लिए भी 50 फीसद कमरे फुल हैं। आगे के दो साल की बुकिंग हो रही है। गंगा के किनारे के और होटलों में भी तकरीबन यही स्थिति है।
श्री काशी विश्वनाथ धाम व पर्यटन के क्षेत्र में काशी में आए बड़े बदलावों का सीधा लाभ पर्यटकों की आमद पर पड़ा है। गंगा के किनारे के होटल फुल हैं, तो आगे के सालों के लिए भी बुकिंग चल रही है। इस बार देव दीपावली पर भीड़ का आंकड़ा 10 लाख के पार हो सकता है।