
लखनऊ के केंद्रीय औषधि शोध संस्थान (CDRI) की तकनीकी अधिकारी वर्षा सिंह (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार देर रात परिसर में पुलिस के पहुंचने के बाद सामने आया कि पति फरार है। पुलिस आशंका जता रही है कि पत्नी की हत्या करके वो फरार हो गया है। पुलिस पति की तलाश में जुटी है। ADCP प्राची सिंह ने बताया कि गले पर कसाव के निशान मिले हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि वर्षा सिंह की हत्या गला दबा कर की गई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
बच्चे के रोने पर पहुंचे पड़ोसी
ACP सैयद अली अब्बास के मुताबिक वर्षा सिंह मूल रूप से मऊ की रहने वाली हैं। उनकी शादी बरेली के विश्वेन्द्र सिंह के साथ हुई थी। दोनों का 2 साल का बेटा है। दंपति बेटे के साथ जानकीपुरम स्थित CDRI आवासीय परिसर में रहते थे। सोमवार रात आस-पास के लोगों से वर्षा के बीमारी की बात कहकर विश्वेन्द्र उन्हें कार से अस्पताल लेकर गया था। रात करीब 9 बजे वापस लौटा। कार घर के बाहर खड़ी करके फरार हो गया।

इसी कार में मिली वर्षा सिंह की डेड बॉडी।
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे, तो कार में वर्षा का शव पड़ा था। लोगों ने इसकी सूचना जानकीपुरम थाने पर दी। जानकारी मिलते ही थाने की फोर्स के साथ DCP, ADCP और ACP भी मौके पर पहुंचे। ACP ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर परिसर को सील कर दिया गया है।

महिला अधिकारी वर्षा की मौत के बाद CDRI के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
सीसीटीवी खंगाले जा रहे
परिसर में जाने पर रोक लगा दी गई है। वर्षा के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिसर में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। अभी तक जानकारी मिली है कि विश्वेन्द्र LIC एजेंट है। वो अक्सर घर पर ही रहता था। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है।