रांची- बनारस एक्सप्रेस का संचालन 20 अगस्त से बहाल, बाबा दरबार से देवघर के बीच कम हुआ फासला

लंबे समय से रांची को बनारस जोड़ने के लिए ट्रेन की कमी का असर यात्रियों के आवाजाही पर पड़ रही थी। कोरोना काल के बाद से ही लोगों को इस ट्रेन के पटरी पर लौटने की उम्मीद थी। आखिरकार लंबे समय के बाद बीस अगस्त से ट्रेन का वाराणसी से रांची तक का सफर पटरी पर आने जा रहा है। अब बाबा दरबार से देवघर की दूरी काफी कम हो जाएगी। अब रांची से उतर कर सिर्फ देवघर का सफर ही करना पड़ेगा। वहीं रांची से बाबा दरबार का दर्शन करने आने वालों के लिए यह ट्रेन काफी मुफीद साबित होने जा रही है।
रेल यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने रांची- बनारस- रांची एक्सप्रेस का संचालन 20 अगस्त से पुनः बहाल करने का निर्णय लिया है। पूर्व में ट्रेन का संचालन होता था लेकिन कोरोना काल में यह ट्रेन बेपटरी हो गई और लंबे समय से रांची से बनारस तक की एक बेहतर रेल सेवा के दोबारा बहाली की रेल यात्री बाट जोह रहे थे।
यह ट्रेन रांची से प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को तथा 21 अगस्त से बनारस स्टेशन से प्रत्येक मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार को सप्ताह में पांच दिन चलाई जायेगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार गाड़ी संख्या – 18611 रांची-बनारस एक्सप्रेस रांची से 20 अगस्त से प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार एवं शनिवार को रांची से रात्रि 8.10 बजे प्रस्थान कर मूरी, रामगढ़ कैण्ट के रास्ते बरकाकाना पहुंचेगी।
दूसरे दिन तोरी, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, उंटारी, मोहम्मदगंज, हैदरनगर, जपला, नबीनगर रोड, डेहरी आनसोन, सासाराम, कुदरा, भबुआ, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, काशी, वाराणसी होते हुए सुबह 09.25 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 21 अगस्त से प्रत्येक मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार को बनारस से शाम तीन बजे प्रस्थान कर उक्त निर्धारित अवधि में सुबह 4.15 बजे रांची पहुंचेगी।