मानसून सत्र का 15वां दिन:दोनों सदन स्थगित; लोकसभा प्रश्नकाल में भाजपा सांसद ने बिहार की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार को घेरा

आज मानसून सत्र का 15वां दिन है। लोकसभा की कार्यवाही दूसरी बार 2 बजे तक के लिए और राज्यसभा की 2.30 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है। इससे पहले राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही एक बार स्थगित होने के बाद फिर शुरू हुई थी और दोनों सदनों में प्रश्नकाल चला था।
लोकसभा प्रश्नकाल में भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूड़ी ने बिहार में नकली शराब पर हुई मौतों और बिहार में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर अपनी ही सरकार को घेरा। उन्होंने वहां दवाओं की कम आपूर्ति और डॉक्टरों की कमी का सवाल उठाया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा- बिहार को हर संभव स्वास्थ्य सेवाओं की मदद की जाएगी।
सदन में खड़गे VS पीयूष
मल्लिकार्जुन खड़गे: ED ने मुझे नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। वे मुझे संसद की कार्यवाही के दौरान कैसे बुला सकते हैं? मुझे ED के सामने 12.30 बजे पेश होने को कहा गया है। मैं कानून का पालन करना चाहता हूं, लेकिन क्या सदन की कार्यवाही के दौरान मुझे बुलाया जाना सही है?
कल पुलिस ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के घरों को घेर लिया था। क्या ऐसे माहौल में डेमोक्रेसी जिंदा रहेगी? क्या हम संविधान के मुताबिक काम कर पाएंगे? हम इससे डरेंगे नहीं, हम इससे लड़ेंगे।
पीयूष गोयल: सरकार किसी भी एजेंसी के कामकाज में दखल नहीं देती है। हो सकता है कांग्रेस के समय में ऐसा होता होगा, लेकिन अब अगर कोई भी शख्स गलत काम करेगा तो एजेंसियां अपना काम करेंगी।
दोनों सदन हुई थीं स्थगित
संसद की 14वें दिन की कार्यवाही के दौरान दोनों सदनों में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ हंगामा किया था। इसके चलते दोनों सदनों को शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। सदनों में कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। मामला नेशनल हेराल्ड केस में ED की कार्रवाई से जुड़ा है। दरअसल, कल ही ED ने नेशनल हेराल्ड मामले में यंग इंडिया के दिल्ली स्थित दफ्तर को सील किया था।
परिवहन मंत्री ने कार के सुरक्षा मानकों पर की बात
लोकसभा स्थगित होने से पहले केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सड़क व परिवहन मंत्रालय कार की पिछली सीट पर भी एयरबैग्स लगवाने की कोशिशों में है, ताकि पीछे बैठने वाले पैसेंजर्स की जान बचाई जा सके। इस बारे में एक प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। सरकार जल्द ही इस पर फैसला लेगी। फिलहाल कार की अगली सीटों के लिए ही एयरबैग्स मौजूद होते हैं।
मानसून सत्र में आधी भी नहीं चली संसद
संसद का मानसून सत्र 18 जुलाई को शुरू हुआ था। यह 12 अगस्त तक चलना है। संसद में एक दिन में छह घंटे काम होता है। इस हिसाब से अब तक 14 दिन में दोनों सदनों में 84-84 घंटे काम होना चाहिए था। लेकिन, लोकसभा में 33.7 और राज्यसभा में 28.9 घंटे ही काम हुआ हुआ। प्रश्नकाल लोकसभा में 4.1 और राज्यसभा में 6 घंटे ही चला। विधायी कार्य लोकसभा में 14.6 और राज्यसभा में 11 घंटे हुआ। गैर विधायी कार्य लोकसभा में 12.7 और राज्यसभा में 7.2 घंटे हुए। अन्य कार्य लोकसभा में 2.3 और राज्यसभा में 4.7 घंटे हुए।