मऊ में माह भर से ताड़ के पेड़ पर धरना, नीचे उतरते ही पति- पत्नी को पुलिस ने भेजा जेल, हाईवोल्टेज ड्रामा का हुआ अंत.

कोपागंज क्षेत्र के ग्रामसभा बसारथपुर निवासी 45 वर्षीय रामप्रवेश राम का ताड़ के पेड़ पर चढ़कर तमाशा बनाना महंगा पड़ा। ग्रामीणों की शिकायत पर सोमवार को पुलिस ने उसे व उसकी पत्नी मनसा देवी को शांतिभंग की आशंका को देखते हुए 14 दिन न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
पिछले एक माह से रामप्रवेश ताड़ के पेड़ पर चढ़कर आशियाना बनाए हुए था। इससे पूरे गांव की शांति व्यवस्था बिगड़ी हुई थी। यही नहीं प्रशासन को वह तीन दिन से परेशान करता रहा लेकिन वह ताड़ के पेड़ से नीचे नहीं उतरा। आस-पास के लोगों के लिए रामप्रवेश पूरी तरह से सिर दर्द बना हुआ था। उसकी पत्नी भी उसके कार्य में पूरा सहयोग करती थी। अगर कोई उतारने जाता तो वह उस युवक को उल्टा सीधा बोलकर वहां से जाने को कहती थी। पत्नी का सपोर्ट मिलते ही युवक और मनबढ़ हो गया और पूरे गांव की शांति व्यवस्था को भंग कर रहा था। ताड़ के पेड़ पर छाता, त्रिशूल, बधारी और ईंट भी इकट्ठा किए हुए था।
पत्नी मनसा देवी पति को सुबह शाम भोजन, बीड़ी सुर्ती आदि सामान रस्सी के सहारे उसे पेड़ पर देती थी। पत्नी ने कभी भी पुलिस से इसकी शिकायत नहीं की। इंटरनेट मीडिया पर यह वायरली होने के बाद समाचार पत्रों के माध्यम से प्रशासन को जानकारी मिली तो वह हरकत में आया। इसके बाद शुक्रवार को एसओ कुर्थीजाफरपुर मौके पर उसे उतारने पहुंचे तो वह ईंट-पत्थर चलाने लगा। दूसरे दिन शनिवार को पुलिस बल व जाल के साथ पहुंचे तो महिलाओं ने तमाशा बनाते हुए टीम को वापस कर दिया। इससे प्रशासन पूरी तरह से खार खाए हुए था।
रविवार को एसडीएम सदर, सीओ घोसी के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स पहुंची और चारों तरफ जाल लगाकर बड़ी मशक्कत के बाद उसे नीचे धकेलवाया। इसके बाद कोपागंज थाने लेकर चली आई। ग्रामीणों की शिकायत पर पति-पत्नी दोनों 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया गया। ताकि दोबारा इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। फिलहाल यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।