भास्कर अपडेट्स:दिल्ली में मंकीपॉक्स का 5वां केस मिला, देश में अब तक 10 मामले

दिल्ली में मंकीपॉक्स का 5वां केस सामने आया है। संक्रमित 22 साल की महिला है, जिसे लोकनायक अस्पताल में एडमिट कराया गया है। महिला की हालिया ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई है। देश में मंकीपॉक्स के कुल 10 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 5 दिल्ली से और 5 केरल से हैं। दिल्ली में मिले 5 संक्रमितों में से 3 नाइजीरियाई नागरिक हैं। देश में मंकीपॉक्स का पहला मामला 14 जुलाई को केरल के कोल्लम में पाया गया।
IAS अफसर शाह फैसल की प्रशासनिक सेवा में वापसी हो गई है। शनिवार को फैसल को केंद्रीय पर्यटन विभाग में उप सचिव के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। शाह फैसल ने सिविल सर्विस 2010 की परीक्षा में टॉप किया था। उन्होंने 3 साल पहले आईएएस की नौकरी से इस्तीफा देकर जम्मू-कश्मीर में राजनीति जॉइन की थी।
पंजाब सरकार के एक विधायक-एक पेंशन बिल को मंजूरी मिल गई है। इस बिल के मुताबिक, एक विधायक को एक ही पेंशन मिलेगी। अब तक व्यक्ति जितने बार विधायक बनता था, उतने बार की अलग-अलग पेंशन जोड़ी जाती थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर बताया, ‘वन MLA, वन पेंशन बिल को राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है। सरकार ने इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। इससे जनता के टैक्स का काफी पैसा बचेगा।’
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं। शनिवार को पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर जानकारी दी है। सोनिया इससे पहले 2 जून को कोरोना संक्रमित हुई थीं, जिसके बाद उन्हें गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव अजय माकन भी कोरोना से संक्रमित हो गए थे।
जाति जांच समिति ने NCB के पूर्व जोनल निदेशक समीर वानखेड़े को क्लीन चिट दे दी है। अपने आदेश में समिति ने लिखा है कि वानखेड़े जन्म से मुसलमान नहीं थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह सिद्ध नहीं होता है कि वानखेड़े और उनके पिता ने इस्लाम धर्म अपना लिया था। यह साबित हो गया है कि वे महार (अनुसूचित जाति) के थे। अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन के ड्रग्स केस में वानखेड़े विवादों में आए थे।
महाराष्ट्र के नागपुर में एक कॉलेज स्टूडेंट ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि 19 साल का शिवम मोरेश्वर ने पहले तो पेट्रोल पिया फिर कॉलेज की चौथी मंजिल से कूद गया। वह BCA के सेकंड सेमेस्टर का स्टूडेंट था। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है।
यूरोपीय देश मोंटेनेग्रो के सेटिनजे शहर में गोलीबारी हुई। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई। मारने वालों में हमलावर भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि राजधानी पॉडगोरिका से 36 किलोमीटर दूर सेटिनजे में हुए हमले में 6 लोग घायल हुए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हमले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यहां हमलावर और पुलिस के बीच झड़प हुई। जिसके बाद हमलावर को गोली लग गई और उसकी मौत हो गई। गोलीबारी की वजह के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।
बेंगलुरु में भारत-चीन संबंधों पर बात करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत-चीन संबंध तब तक सामान्य नहीं हो सकते जब तक कि सीमा की स्थिति ठीक नहीं होती। अगर चीन सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति भंग करता है, तो यह संबंधों को और प्रभावित करेगा। उन्होंने कहा- सीमा की स्थिति एक बड़ी समस्या बनी हुई है। हमारी सेना पिछली दो सालों से वहां डटी हुई है। विदेश मंत्री ने कहा कि यह बहुत तनावपूर्ण स्थिति है। यह खतरनाक हो सकती है, इसलिए हम बातचीत कर रहे हैं।
डीएसटी स्टार्टअप उत्सव में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि भारत स्टार्टअप इकोसिस्टम और यूनिकॉर्न की संख्या के मामले में दुनियाभर में तीसरे स्थान पर है। वर्तमान में देश में 105 यूनिकॉर्न हैं। खास बात यह है कि पिछले साल 44 स्टार्टअप यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हुए हैं। वहीं मौजूदा साल यानी 2022 में 19 स्टार्टअप यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हो चुके हैं।
दिल्ली में कोरोना से होनी वाली मौतों का आंकड़ा बढ़ा है। पिछले 24 घंटे में 10 लोगों की मौत संक्रमण के चलते हुई। नए संक्रमितों की संख्या 2,136 रही। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, कोरोना का पॉजीटिविटी रेट शुक्रवार को 15.02%दर्ज किया गया। अब एक्टिव मामलों की संख्या 8,343 पर पहुंच गई है।