डोनबास में यूक्रेन ने खोई बड़ी जमीन लेकिन रूसी सेना को बड़े नुकसान का दावा, रूस ने कहा- जेलेंस्की की आड़ लेकर लड़ रहा अमेरिका

कीव, रायटर। यूक्रेन ने स्वीकार किया है कि रूसी सेना के खिलाफ युद्ध में डोनबास (डोनेस्क और लुहांस्क) क्षेत्र में उसे बड़ा नुकसान हुआ है। लेकिन मुकाबले में रूसी सेना को भी खासा नुकसान उठाना पड़ा है। उसके भी बड़ी संख्या में सैनिक मारे गए हैं और हथियार बर्बाद हुए हैं। कीव में रूसी मिसाइल हमले में रेडियो लिबर्टी की महिला पत्रकार के मारे जाने की खबर है। यह हमला तब हुआ जब संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस कीव में मौजूद थे।
रूसी सेना को भी काफी नुकसान
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के 33 अरब डालर (2.53 लाख करोड़ रुपये) की सहायता के प्रस्ताव पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया है। यूक्रेन ने स्वीकार किया है कि उसने डोनबास इलाके के कई कस्बों और गांवों पर से नियंत्रण खो दिया है, ये इलाके अब रूसी सेना के कब्जे में हैं। बताया कि इन इलाकों पर कब्जा पाने के लिए रूसी सेना को काफी नुकसान झेलना पड़ा है। यह नुकसान यूक्रेनी सेना को हुए नुकसान से बहुत ज्यादा है।
रूस से छद्म युद्ध लड़ रहा अमेरिका
यह बात यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कही है। 33 अरब डालर की सहायता के प्रस्ताव में 20 अरब डालर से ज्यादा के हथियार होने की जानकारी मिलने पर रूस ने कहा है कि यूक्रेन की आड़ में अमेरिका रूस से छद्म युद्ध लड़ रहा है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इसी सप्ताह अप्रत्याशित जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दे चुके हैं जबकि उनके विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने परमाणु युद्ध से आगाह किया है।
गुटेरस ने नागरिकों पर हमले की निंदा की
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने यूक्रेन नागरिकों पर रूसी हमलों की निंदा की है। कहा कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जाना पीड़ादायक है। गुरुवार को कीव में रूसी सेना ने गुटेरस के सामने ही मिसाइल हमला किया था। इसके बाद कीव में मौजूद गुटेरस ने यह प्रतिक्रिया व्यक्त की। गुटेरस वहां पर युद्ध रुकवाने के प्रयास के तहत पहुंचे हैं। इससे पहले वह रूस गए थे।
रूस ने कीव में दागी मिसाइल
रूस ने गुरुवार को कीव की एक रिहायशी बहुमंजिली इमारत और एक अन्य इमारत पर मिसाइलें दागी थीं। हमले में इमारतों को नुकसान पहुंचने के साथ ही उनमें आग लग गई थी। इनमें से एक इमारत में पत्रकार वीरा हीरिच रहती थीं। हमले में वह मारी गईं। उनके अतिरिक्त दस लोग घायल हुए हैं। इस हमले पर रूसी रक्षा मंत्रालय ने प्रतिक्रिया में कहा है कि कीव में रक्षा उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री नष्ट की गई है।
जेलेंस्की बोले- नागरिकों को निशाना बना रही रूसी फौज
रूस ने कहा है कि फैक्ट्री निशाना बनाई गई दो इमारतों में से एक में चल रही थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव की मौजूदगी में हुआ यह हमला दर्शाता है कि युद्ध को लेकर रूस के दावों में कितना सत्य है। रूसी सेना खुलेआम नागरिकों को निशाना बनाकर उन्हें मार रही है।