
सार
भारत यात्रा से कुछ दिन पहले पीएम बेनेट कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके दफ्तर ने बताया कि वह सेल्फ आइसोलेशन में चले गए हैं। उन्हें कोई तकलीफ नहीं है।

विस्तार
इस्राइल के पीएम नफ्थाली बेनेट के कोरोना संक्रमित होने से उनकी भारत यात्रा स्थगित कर दी गई है। वह पीएम नरेंद्र मोदी के न्योते पर 3 से 5 अप्रैल तक भारत आने वाले थे।
भारत में इस्राइली दूतावास के प्रवक्ता मुहम्मद हैब ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भारत यात्रा से कुछ दिन पहले पीएम बेनेट कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके दफ्तर ने बताया कि वह सेल्फ आइसोलेशन में चले गए हैं। उन्हें कोई तकलीफ नहीं है। वह घर पर पृथकवास में रहते हुए कामकाज करते रहेंगे।
भारत यात्रा के दौरान बेनेट पीएम मोदी और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मिलने वाले थे। वे देश में यहूदी समुदाय के लोगों से भी मिलने वाले थे। बेनेट के कहा था, ‘मैं अपने मित्र, प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा करने के लिए खुश हूं। हम अपने देशों के रिश्तों की खातिर आगे बढ़ते रहेंगे।’इस्राइल के पीएम की यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक गठबंधन को आगे बढ़ाना और मजबूत करना तथा द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार करना था।इसके अलावा अर्थव्यवस्था, अनुसंधान और विकास, कृषि व अन्य क्षेत्रों में निवेश व सहयोग पर चर्चा करने वाले थे।