आदिवासी बहुल जिले सोनभद्र के 115237 मतदाताओं ने मतदाता सूची को आधार से कराया लिंक

आदिवासी बहुल जिले सोनभद्र में 13 लाख 98 हजार 547 मतदाता चार विधानसभा क्षेत्र में हैं। यहां मतदाता इन दिनों आधार से मतदाता सूची को खूब लिंक करा रहे हैं। जबकि, ओबरा व दुद्धी विस आधार लिंक कराने में काफी चल रहे हैं। मार्च तक मतदाता सूची को आधार से लिंक कराने की तैयारी है।
जनपद के एक लाख 15 हजार 237 मतदाताओं ने आधार कार्ड से अपने मतदाता सूची को लिंक करा लिया है। जिसमें राबर्ट्सगंज व घोरावल विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने सबसे अधिक आधार लिंक कराया है। ओबरा व दुद्धी मतदाता सूची को आधार कार्ड से लिंक कराने में पीछे चल रहे हैं। सबसे खराब स्थिति दुद्धी विधानसभा क्षेत्र की है। यहां पर महज 12 हजार मतदाताओं ने अब तक मतदाता सूची से आधार को लिंक कराया है। आयोग के निर्देश पर इस बार जनपद के सभी 13 लाख 98 हजार 547 मतदाताओं को मतदाता सूची का आधार लिंक होना है, इसके लिए अंतिम समय सीमा मार्च तय किया गया है।
चुनावों में पारदर्शिता लाने के लिए चुनाव आयोग ने आधार कार्ड को मतदाता सूची से लिंक किए जाने का निर्देश जारी किया था। एक अगस्त से मार्च तक शत-प्रतिशत आधार कार्ड को मतदाता सूची से लिंक करने का समय निर्धारित किया गया है। हालांकि जारी दिशा निर्देश में यह भी कहा गया था कि आधार कार्ड को मतदाता सूची से लिंक करने के लिए मतदाताओं पर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं है। बावजूद संबंधित अधिकारियों को इसे शत-प्रतिशत लागू करने पर काम कर रहे हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल ने बताया कि मतदाता सूची के सापेक्ष अब तक करीब आठ प्रतिशत मतदाताओं ने मतदाता सूची से अपना आधार कार्ड लिंक करा लिया है। तय समय पर शत-प्रतिशत काम पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
विधानसभावार यह हैं आंकड़े : जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 14 लाख है। जिसमें घोरावल विधानसभा में 41 हजार 663 मतदाताओं ने मतदाता सूची से आधार लिंक करा लिया है। पहले स्थान पर राबर्ट्सगंज विधानसभा है, यहां पर 43 हजार 438 मतदाता सूची आधार से लिंक हो चुकी है, तीसरे स्थान पर ओबरा विधानसभा क्षेत्र हैं। 17 हजार 665 मतदाता सूची आधार से लिंक है। सबसे खराब स्थिति दुद्धी विधानसभा क्षेत्र की है। यहां पर महज 12 हजार 471 लोगों ने मतदाता सूची को आधार से लिंक कराया है।
आंकड़ों में जिले के मतदाता
कुल मतदाता : 1398547
घोरावल विस क्षेत्र : 41663 (आधार से लिंक)
राबर्ट्सगंज विस : 43438
ओबरा विस क्षेत्र : 17665
दुद्धी विस क्षेत्र : 12471