अजब गजब : मऊ का युवक जानें क्यों ‘ऐंठा’ और माह भर से ‘ताड़ के पेड़ पर जा बैठा’, पढ़ें अनोखी दास्तान…

कोपागंज विकास खंड के बसारथपुर गांव निवासी 42 वर्षीय युवक पिछले एक माह से ताड़ के पेड़ पर बसेरा बनाए हुए है। छाता व ईंट-पत्थर भी ऊपर एकत्रित कर लिया है। बारिश होने पर छाता का प्रयोग करता है। लाख अननुय विनय के बावजूद वह पेड़ से नहीं उतर रहा है। इसकी वजह से परिवार के लोग पूरी तरह से परेशान हैं। लोगों को आशंका है कि वह रात में पेड़ से उतर रहा है लेकिन कोई उसे देख नहीं पा रहा है। यह युवक क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ब्लाक के बसारथपुर अनुसूचित बस्ती निवासी रामवृक्ष राम एक महीने से लगभग 40 फुट लंबे ताड़ के पेड़ पर बैठा हुआ है। किसी से कुछ न बोल रहा है और न तो कुछ मांग रहा है। घरवालों के साथ सभी लोग परेशान हैं कि ऐसा वह क्यों कर रहा है। घर के लोग जब खाना बनाकर ले जाते हैं तो वह रस्सी से लबनी नीचे लटकाता है। इसके बाद ऊपर खींच लेता है और पेड़ पर ही खाना खा रहा है। अगर खाना नहीं मिला तो भूखा भी रह रहा है। घरवालों का कहना है कि कोई समस्या नही थी। परिवार में कोई दिक्कत या कोई वाद विवाद भी नहीं हुआ है।
वह ऐसा क्यों कर रहा है, कुछ समझ में नहीं आ रहा है। हालांकि 112 नंबर पुलिस भी मौके पर पहुंची और वीडियो बनाकर चली गई। सबसे मजेदार बात यह है कि युवक पेड़ पर ढेर सारा ईंट-पत्थर का टुकड़ा भी रखा है। अगर कोई पेड़ पर चढ़कर उतारना चाहता है तो वह ऊपर से मारना चालू कर देता है। चोट लगने की डर से कोई पेड़ पर नहीं चढ़ रहा है। वह एक छाता भी पेड़ पर रखा है । जब कोई फोटो लेना चाहता है तो वह मुंह उसी छाते से ढक ले रहा है। पत्नी के अलावा युवक के दो लड़के भी हैं।
बोले ग्राम प्रधान : युवक के पेड़ पर चढ़ने की खबर 112 नंबर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर आई और वीडियो बनाकर चली गई। कोई सार्थक पहल नहीं की। – दीपक कुमार, ग्राम प्रधान